- जिला प्रशासन ने जांच के बाद पुराने पुल को भारी वाहनों की आवाजाही के लिए असुरक्षित करार दे दिया था
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। तवी नदी पर ब्लाॅक-घोरड़ी को जोड़ने के लिए मंजूर नए सलमेह पुल के निर्माण कार्य शुरू होने की देरी लोगों को परेशान कर रही है। लगभग ढाई साल पहले पुराने सलमेह पुल को जिला प्रशासन ने जांच के बाद भारी वाहनों की आवाजाही के लिए असुरक्षित करार दे दिया था।
इसके उपरांत इस पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई थी। इससे लड्डन, कैरा, औसू, पखलाई, चढ़त तथा ब्लाॅक घोरडी की सभी 20 पंचायतों की लगभग एक लाख आबादी का जिला मुख्यालय तक का सीधा संपर्क कट गया था। समस्या को दूर करने के लिए प्रशासन ने पुराने पुल के नजदीक नया डबल लेन मजबूत पुल बनाकर राहत देने का आश्वासन दिया था, लेकिन ढाई साल बीत जाने के बाद भी नए पुल का निर्माण शुरू नहीं हो पाया।
मौजूदा समय में लोगों को जिला मुख्यालय तक पहुंचने के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी बृज मोहन, काकू राम, निशा देवी, बिमला कुमारी, बोध राज व अन्य ने बताया कि ब्लाक घोरड़ी और जिला मुख्यालय के बीच तवी नदी पर सलमेह पुल, करीब एक लाख आबादी की लाइफ लाइन की तरह काम करता है। इसके बंद होने से क्षेत्र के विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। छात्रों और कामकाजी लोगों को जिला मुख्यालय तक के सफर से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
डीपीआर को मिल चुकी मंजूरी, फंड के अभाव में शुरू नहीं हो पाया काम
साल 2023 में पुराना सलमेह पुल असुरक्षित करार दिए जाने के बाद नए पुल के लिए कवायद शुरू की गई थी। जिसमें जुलाई 2024 में नाबार्ड के तहत इस पुल को बनाने की मंजूरी मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग की तरफ से 24 करोड़ की डीपीआर तैयार कर भेजी गई थी। लगभग चार महीने पहले भेजी गई डीपीआर को मंजूरी भी मिल चुकी है, लेकिन फंड जारी न होने से पुल के निर्माण का इंतजार लंबा होता जा रहा है।
कोट..
पुल बनाने के लिए भेजी गई डीपीआर को मंजूरी मिल गई है, जगह का चयन भी कर लिया गया है। निर्माण कार्य के लिए उच्च अधिकारियों से प्राधिकार पत्र का इंतजार है। दिशा-निर्देश प्राप्त होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।
-
रोहित गुप्ता, एईई, लोक निर्माण विभाग