उधमपुर। बर्ड फ्लू के दो मामले सामने आने के बाद जगानू ब्लाक के धंदाल गांव में बुधवार को भी पशुपालन विभाग की टीमों ने दस किलोमीटर के दायरे में पालतू परिदों के सैंपल लेने की प्रक्रिया को जारी रखा। विभाग के अधिकारी का कहना है कि तीन महीने तक धंदाल गांव के दस किलोमीटर के दायरे को निगरानी में रखा जाएगा। वहीं 15 दिन के बाद परिदों के सैंपल लिए जाएंगे।
गौरतलब है कि शनिवार को धंदाल गांव में एक मुर्गा और एक मोर में बर्ड प्लू पाया गया था। इसके बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया था। जिला प्रशासन ने इसको लेकर टास्ट फोर्स का गठन किया। वहीं पशुपालन विभाग ने एक किलोमीटर के दायरे में घरों में पाल कर रखे गए पक्षियों को मारने की प्रक्रिया शुरू करने के साथ दस किलोमीटर के दायरे में पक्षियों के सैंपल लेने का काम शुरू कर दिया। दो दिन के अंदर धंदाल में कुल 30 पक्षियों को मारा गया और सैकड़ों घरों से पक्षियों के सैंपल भी लिए गए। सैंपल लेने की प्रक्रिया बुधवार को भी जारी रही। पशुपालन विभाग की टीमों ने सुबह से शाम तक कई घरों से सैंपल जुटाए। शहर के अंदर सैंपल लेने का काम पूरा कर लिया गया है। विभाग की तरफ से सभी एक साथ जांच के लिए भेजे जाएंगे। मौजूदा समय में सैंपल लेने का काम लगातार जारी है।
तीन महीने तक पूरा धंदाल गांव और दस किलोमीटर का इलाका पशुपालन विभाग की निगरानी में रहेगा। हर 15 दिन के बाद उनकी टीम लोगों के घरों में रखे पक्षियों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजेगा। तीन महीने के अंदर कोई बर्ड फ्लू का मामला सामने नहीं आता तो फिर गांव को निगरानी से बाहर कर दिया जाएगा।
-डॉ. इंद्रजीत सिंह, मुख्य पशुपालन अधिकारी, उधमपुर