उधमपुर। किसानों के भारत बंद का असर उधमपुर में मिलाजुला रहा है। बाजारों में दुकानें पहले की तरह खुली रहीं और अधिकतर क्षेत्रों के लिए वाहन सेवा भी बहाल रही। हालांकि रैंबल व चिनैनी रूट पर बसें और मेटाडोर सेवा बंद रही, जिस कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसके अतिरिक्त रौन दौमेल, मनवाल व रामनगर, पंचैरी-रामबन आदि रूट वाहन सेवा सुचारु रही। हालांकि भारत बंद का समर्थन करते हुए कांग्रेस सहित कुछ अन्य दलों की ओर से कुछ एक जगहों पर विरोध प्रदर्शन भी किए गए और वाहनों चालकों को भी इसे सफल बनाने की अपील की गई। मगर इसके बावजूद उधमपुर में भारत बंद काफी हद तक असफल साबित हुआ। प्रशासन की ओर से भी इस दौरान सुरक्षा के कडे़ प्रबंध किए गए थे।
विभिन्न चौक चौराहों पर जवानों की अतिरिक्त तैनाती की गई थी। वहीं व्यापार मंडल की ओर से सोमवार को ही साफ कर दिया गया था कि भारत बंद को लेकर उनकी किसी से बात नहीं हुई है जिसके चलते उधमपुर में भारत बंद को लेकर बाजारों को बंद नहीं रखा जाएगा। वहीं रैंबल रूट व चिनैनी रूट पर वाहन सेवा बंद रहने से यात्रियों को काफी समस्या पेश आई। खराब मौसम के बीच वाहन सेवा बंद रहने के कारण रैंबल व चिनैनी रूट से संबंधित यात्रियों को दिनभर चिनैनी मेटाडोर स्टैंड तथा रैंबल मेटाडोर स्टैंड पर वाहनों का इंतजार करते पाया गया। जबकि इन दोनों स्थानों पर वाहन नदारद रहे।