ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में ब्यूटी पार्लर का काम सिखाने के लिए शुरू होगा नया बैच
उधमपुर। एसबीआई का ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण का नया बैच शुरू करने जा रहा है। प्रशिक्षण के लिए जिले के विभिन्न इलाकों से 35 महिलाओं और युवतियों का चयन किया गया है, जिन्हें संस्थान द्वारा निशुल्क रहने-खाने की सुविधा के साथ ब्यूटी पार्लर से संबंधित आवश्यक कौशल और जानकारी दी जाएगी।
संकाय सदस्य अंकुश कुमार ने बताया कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य गरीब परिवारों की महिलाओं और युवाओं को व्यावसायिक कौशल प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाना है। इसके तहत संस्थान सिलाई, बुटीक और ब्यूटी पार्लर जैसे विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के सफल समापन के बाद प्रतिभागियों को स्वरोजगार शुरू करने के लिए वित्तीय सहायता (मुद्रा लोन) और मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। संस्थान ने डेढ़ दशक में लगभग 6000 से अधिक महिलाओं को विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षित किया है, जिनमें कई महिलाएं व्यवसाय शुरू कर सम्मानजनक आजीविका कमा रही हैं। नया बैच जल्द ही शुरू किया जाएगा, जिससे और भी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।