संवाद न्यूज एजेंसी
रामनगर। बसंतगढ़ तहसील के खनेड़ गांव लोगों ने मार्ग की खस्ताहालत को लेकर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) विभाग के खिलाफ शनिवार को प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द मार्ग की दशा को सुधारा न गया तो बसंतगढ़-रामनगर मार्ग बंद कर धरना दिया जाएगा।
स्थानीय निवासी उमरउल दीन बाबजादा, फारूक अहमेन, मोहम्मद शफीक, अली मोहम्मद, रफीक, शब्बीर अहमद, मोहम्मद अमीन अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बसंतगढ़ से खनेड़ तक नौ किलोमीटर मार्ग की पिछले दो वर्षों से हालत खराब है। वाहन चालकों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। तीन वर्ष पहले विभाग ने इस मार्ग के कई हिस्सों पर तारकोल बिछाया था लेकिन कुछ माह बाद ही तारकोल उखड़ना शुरू हो गया।
इस समस्या को लेकर पीएमजीएसवाई विभाग के उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया गया लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। मार्ग की हालात बहुत ज्यादा खराब हो चुकी है। सड़क पर कई गड्ढे पड़ चुके हैं। ग्रामीणों ने बताया कि लोगों ने खुद पैसे एकत्रित कर कुछ हिस्से में गड्ढों को ठीक करवाया है लेकिन विभाग चैन की नींद सो रहा है।
ग्रामीणों ने विभाग को चेतावनी दी कि जल्द मार्ग की मरम्मत का कार्य शुरू किया जाए नहीं तो ग्रामीण धरना देने पर मजबूर हो जाएंगे।