उधमपुर। जिले में बुधवार को बकरीद का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। आदर्श कॉलोनी स्थित ईदगाह व सैला तालाब स्थित जामा मस्जिद में सुबह के समय चंद लोगों ने कोविड एसओपी का पालन कर नमाज अदा कर एक-दूसरे को पर्व की मुबारकबाद दी। ज्यादातर लोगों ने घरों में ही नमाज अदा कर प्रदेश सहित परिवार की सुख शांति की दुआ मांगी। शाम के समय घरों में दावतों का आनंद उठाया।
कोरोना को संकट को ध्यान में रख कर जिला प्रशासन और ऑकाफ कमेटी के सदस्यों ने मुस्लिम समुदाय के लोगों से अपील की थी कि बकरीद के दिन सभी घरों में ही परिवार के साथ नमाज अदा करें। कोई भी मस्जिद या फिर किसी सार्वजनिक स्थल पर भीड़ नहीं लगाएगा। इसी को लेकर ईदगाह और जामा मस्जिद में ऑकाफ कमेटी के सदस्यों के साथ कुछ लोगों ने नमाज अदा की। मस्जिद में मौलवी ने नमाजियों को बकरीद के बारे में जानकारी दी। नमाज अदा करने के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले लगा कर पर्व की मुबारकबाद दी। छोटे बच्चे नए कपड़ो में नजर आए। बाद में घरों में कुर्बानी की प्रक्रिया को पूरा किया गया, जिसके बाद मुस्लिम समुदाय के घरों में दावतों का दौर शुरू हो गया। ईद को लेकर बाजार में भी बहुत ज्यादा रौनक देखने को मिली।