उधमपुर। शहर में तीन दिवसीय बैसाखी मेले के दूसरे दिन भीड़ कम रही। हालांकि शाम को रौनक बढ़ गई। लोगों ने झूलों, खाने-पीने के स्टाल का आनंद लिया। बच्चों से बुजुर्गों तक सभी ने मेले का भरपूर मजा लिया। मुख्य बाजारों में अच्छी खासी रौनक देखने को मिल रही है। दुकानों पर ग्राहकों की बढ़ती संख्या के कारण व्यापारियों के चेहरे खिले हैं। दुकानदार ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए ऑफर और आकर्षक सजावट का सहारा ले रहे हैं जिससे कारोबार को गति मिल रही है। खासकर कपड़े, जूते, खिलौने, चूड़ियां और मिठाइयों की दुकानों पर खरीदारी में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि मेले के कारण सामान्य दिनों की तुलना में ज्यादा बिक्री हो रही है।
मेला जहां मनोरंजन का अवसर बनकर आया है वहीं ट्रैफिक व्यवस्था प्रशासन के लिए चुनौती बन गई है। खासकर दोपहर और शाम में छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को लंबे जाम से जूझना पड़ रहा है। स्कूलों और दफ्तरों में छुट्टी के बाद सामान्य दिन में ही ट्रैफिक लोड अधिक हो जाता है, ऐसे में शिवनगर में देविका तट के पास सड़क किनारे लगे मेले में बढ़ती भीड़ की वजह से जाम की स्थिति और गंभीर हो रही है। लोग वाहनों को पार्किंग स्थल या उचित स्थानों पर पार्क करने के बजाय सड़क किनारे लगा रहे हैं। इससे सड़क के दोनों ओर लंबी कतारें लग रही हैं। इस कारण डाक बंगला तक जाम लग रहा है।