कटड़ा। धर्मनगरी में ताराकोट मार्ग पर स्थित श्राइन बोर्ड के कबाड़ के गोदाम में बुधवार देर रात दस बजे भीषण आग लग गई। मौके पर पहुंचे सेना, सीआरपीएफ, पुलिस और दमकल कर्मियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक कबाड़ गोदाम में रखा सामान राख हो गया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात कबाड़ गोदाम में आग लग गई और इसमें तेल और घी के खाली टीन सहित प्लास्टिक का सामान अधिक होने के कारण भीषण रूप धारण कर लिया। आग की लपटें देख कर पास ही स्थित सैन्य कैंप से जवानों ने मौके पर पहुंच कर प्रयास तेज कर दिए और श्राइन बोर्ड को सूचित किया। दमकल कर्मियाें सहित सीआरपीएफ और पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर आग बुझाने का प्रयास किया। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक पूरा सामान राख हो गया है। आग इतनी भीषण थी कि रात को लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं। सनद रहे कि कुछ वर्ष पहले भी इस गोदाम में आग लग चुकी है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सीईओ रमेश कुमार ने घटना की पुष्टि की है। बताया कि घटना की जांच करवाई जाएगी।