महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य पर शनिवार को सनातन धर्म सभा की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें प्रस्तुत झांकियों में भगवान शिव के कई रूप देखने को मिले।
शोभायात्रा में कई धार्मिक, शैक्षणिक संस्थाओं ने भी अपनी मोहक झांकियां शामिल हुईं। हर साल की तरह इस वर्ष भी महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन नगर के चबूतरा बाजार से दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
इसमें सनातन धर्म सभा की ओर से स्वामी मंगल दास और पंडित हंस राज शास्त्री द्वारा ज्योति प्रज्ज्वलित की गई। पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान शिव शंकर को पुष्पांजलि दी गई। इसके बाद भव्य शोभा यात्रा बैंड बाजों और ढोल नगाड़ों के साथ चबूतरा बाजार से आरंभ होकर नगर के विभिन्न बाजारों से निकाली गई।
इसमें सैकंड़ों नर-नारियों और स्कूली बच्चों द्वारा भगवान शिव के भजनों पर झूमते गाते और भगवान शंकर की स्तुति में श्लोकों का उच्चारण करते शोभा यात्रा में भाग लिया। इस अवसर पर नगर में विभिन्न जगहों पर लोगों ने भगवान महादेव के जयघोष के साथ भव्य शोभायात्रा का स्वागत किया।
श्रद्धालुओं द्वारा इस दौरान झांकियों में प्रस्तुत विभिन्न स्वरूपों पर फूलों की बौछार करते हुए स्वागत किया। इस दौरान शहर भक्ति रंग में रंगा नजर आ रहा था। नगर के मेन बाजार, गोल मार्केट, मुखर्जी बाजार, कोर्ट रोड और सलाथिया चौक से होते हुए रामनगर चौक, अस्पताल रोड, सैलां आदि से होते हुए वापस चबूतरा आकर संपन्न हुई।
इस दौरान नगर में जगह-जगह दुकानदारों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए खाने-पीने के स्टाल लगाए गए थे। इस दौरान एएसपी उधमपुर मोहन लाल कैथ के नेतृत्व में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के प्रबंध किए गए थे। ट्रैफिक पुलिस ने भी इस दौरान नगर में यातायात व्यवस्था के लिए डीटीआई ट्रैफिक उधमपुर सुनील शर्मा के नेतृत्व में पूरा ध्यान रखा गया।
शोभायात्रा के दौरान मुख्य रूप से राम कला केंद्र चबूतरा बाजार, सनातन धर्म सभा एवं नगर संगठन, ब्रह्मर्षि
बाबरा शांति विद्या पीठ, जेके पब्लिक स्कूल, लिटिल स्कालर एकेडमी, शिव शक्ति कीर्तन मंडली और आदि शक्ति सेवा संस्थान, भारतीय विद्या मंदिर, गुरु नाभा दास सुधार समिति, हरे रामा हरे कृष्णा इस्कान द्वारा भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों को दर्शाती झाकियां प्रस्तुत की गई।