रामबन। उपायुक्त (डीसी) मोहम्मद इलियास खान ने मंगलवार को बनिहाल स्थित लंबर यात्रा शिविर का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने श्री अमरनाथ जी यात्रा के मद्देनजर विभिन्न विभागों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू आवागमन के लिए किए गए प्रबंधों की बारीकी से समीक्षा की।
इस दौरान डीसी के साथ एसएसपी अरुण गुप्ता और अन्य आला अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान डीसी ने लंगरों में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाओं, पेयजल आपूर्ति और बिजली व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने आरएफआईडी काउंटर और सुरक्षा प्रबंधों को भी देखा।
डीसी ने शिविर में ठहरे श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनका फीडबैक लिया और भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनकी सुरक्षित व निर्बाध यात्रा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को 24 घंटे सतर्क रहने और यात्रियों की हर समस्या का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए। संवाद