संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। उधमपुर की आराध्या शर्मा ने हाल ही में काठमांडू, नेपाल में आयोजित 5वीं माउंट एवरेस्ट अंतरराष्ट्रीय संगीत और नृत्य चैंपियनशिप में एकल गायन प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार और स्वर्ण पदक जीतकर देश और जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश का नाम रोशन किया है। आराध्या शर्मा, दिल्ली पब्लिक स्कूल, उधमपुर की कक्षा ग्यारहवीं (मेडिकल स्ट्रीम) की प्रतिभाशाली छात्रा हैं। उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए स्कूल प्रबंधन ने कहा है कि आराध्या की यह शानदार उपलब्धि उसकी असाधारण प्रतिभा, लगन और कड़ी मेहनत का सबूत है। उसकी जीत ने न केवल उसके स्कूल बल्कि देश और राज्य को भी गौरवान्वित किया है, इससे क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और कलात्मक कौशल का पता चलता है।
स्कूल समुदाय आराध्या को उसकी इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देता है और उसके भविष्य के प्रयासों में निरंतर सफलता की कामना करता है। डीपीएस उधमपुर के प्रो वाइस चेयरमैन डॉ. जेसी ने आराध्या को उसके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। डीपीएस उधमपुर के एमडी विवेक गुप्ता और एडी सुचेता गुप्ता ने आराध्या और उसके माता-पिता की शैक्षणिक और सह-पाठयक्रम गतिविधियों को इतनी अच्छी तरह से प्रबंधित करने के लिए सराहना की। डीपीएसयू के प्रिंसिपल डॉ. कुणाल आनंद ने आराध्या को बधाई देते हुए कहा कि वह एक बेहतरीन डांसर, गायिका है और साथ ही वह अपनी पढ़ाई में भी बहुत अच्छी है।
उन्होंने कहा कि उनकी जीत इस बात का प्रमाण है कि डीपीएस उधमपुर के छात्र न केवल जम्मू-कश्मीर में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी किसी को भी मात दे सकते हैं। इसी चैम्पियनशिप में उधमपुर की दूसरी बेटी पीहू गुप्ता ने गायन एवं नृत्य कला में द्वितीय स्थान हासिल कर जिला का नाम रोशन किया है।