उधमपुर। जल शक्ति विभाग की ओर से जिला जल जीवन मिशन के तहत जल स्वच्छता व जल सरंक्षण विषय पर एक दिवसीय मेगा कार्यशाला हुई। इसका उद्देश्य लोगों को जल जीवन मिशन के बारे में जागरूक करना था। इसका शुभारंभ डीडीसी चेयरमैन लाल चंद ने एडीसी मोहम्मद सैयद खान, एसई हाइड्रोलिक्स पीपी अरोड़ा की उपस्थिति में किया।
एसई ने कहा कि कि जल जीवन मिशन भारत सरकार द्वारा शुरू की गई केंद्र प्रायोजित योजना है, जिसका उद्देश्य हर घर में नल का जल उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अपने आस-पास के वातावरण को साफ रखने की अपील की और दूसरों को भी स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित करने को कहा। साथ ही जल संसाधनों को साफ रखने, खुले में शौच की प्रथा को खत्म करने आदि का भी आह्वान किया। कार्यक्रम के संसाधन व्यक्ति तनवीर ने भी कार्यक्रम के उदेश्य पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यशाला के दौरान सूचना विभाग के सांस्कृतिक विंग जम्मू के कलाकारों ने विषय पर शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। डीडीसी चेयरमैन लाल चंद ने वर्तमान जीवन में जल स्वच्छता के महत्व और इसके लाभों पर भी प्रकाश डाला। इस मौके पर म्यूनिसिपल कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जोगेश्वर गुप्ता, सीपीओ राजीव भूषण, एक्सईएन पीएचई ताज चौधरी आदि उपस्थित रहे।