उधमपुर। जखैनी चौक पर रोजाना लगने वाले जाम की समस्या से परेशान छात्रों का वीरवार को सब्र का बांध टूट गया। अमरदीप पब्लिक हाई स्कूल के छात्रों ने प्रदर्शन कर सरकार से प्रशासन से जल्द समस्या से निजात दिलाने व जखैनी चौक को जाम मुक्त करने की मांग उठाई।
छात्रा विद्या कुमारी ने कहा कि जखैनी चौक पर रोजाना लगने वाले जाम से उन्हें भारी परेशानी उठानी पड़ती है। विशेषतौर पर सुबह के समय लगने वाले दो घंटे के जाम से रोजाना स्कूल में देरी से पहुंचती है। इससे कई कक्षाएं भी छूट जाती हैं। शिक्षकों से भी डांट पड़ती है। छात्रा आवंतिका माथुर ने कहा कि वह लड्डन पावर हाउस क्षेत्र में रहती हैं।
सुबह के समय जखैनी चौक पर लगे जाम के कारण रोजाना देरी से स्कूल पहुंचती है। इससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्र रोहित ने कहा कि शायद ही कोई ऐसा दिन जाता है जब जखैनी चौक पर जाम से परेशानी नहीं उठानी पड़ी हो। इससे काफी समस्या होती है। देरी से स्कूल पहुंचते हैं। मौजूदा समय में परीक्षाएं चल रही हैं। ऐसे में स्कूल में समय पर नहीं पहुंचने के कारण नुकसान उठाना पड़ सकता है। वीरवार को भी जखैनी चौक पर लगे जाम के कारण पैदल ही स्कूल जाना पड़ा है। जिला प्रशासन व ट्रैफिक पुलिस से अनुरोध है कि जल्द समस्या का समाधान किया जाए।