11 मई को एचआरटीसी कर्मचारी गेट मीटिंग कर कार्यालय के प्रांगण में धरना-प्रदर्शन करेंगे।
अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन के सख्त तेवर पर दुकानदार तिलमिला गए हैं। वीरवार को आजाद मार्केट के दुकानदारों ने नगर परिषद के विरोध में प्रदर्शन कर अतिक्रमण हटाओ अभियान का विरोध किया। दुकानदारों का कहना है कि अगर कोई अभियान शुरू ही किया जाना है तो उसकी गाज सिर्फ छोटे दुकानदारों पर ही क्यों गिरे।
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे दुकानदार मनोज वर्मा ने कहा कि नगर परिषद द्वारा प्रशासनिक आदेशों पर शहर में दुकानों की पैमाईश कर अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया जा रहा है। इसके चलते प्रशासन और नगर परिषद द्वारा केवल छोटे दुकानदारों को ही निशाना बनाया जा रहा है।
प्रशासन द्वारा हमेशा की तरह छोटे वर्ग के दुकानदारों को निशाना बनाकर अपनी कार्यप्रणाली में सुधार का डंका पीटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर भर में कई ऐसे बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठान हैं, जिनके द्वारा बड़े पैमाने पर अतिक्रमण किया जा रहा है। पर ऐसे दुकानदारों के प्रशासनिक रुख के कारण उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है।
पर प्रशासन द्वारा छोटे दुकानदारों को परेशान किया जाता है। दुकानदारों ने मांग की है कि यदि अतिक्रमण हटाने की मुहिम चलानी ही है तो उस मुहिम को बड़े स्तर पर शुरू किया जाए ताकि छोटे वर्ग के दुकानदार इस तरह अतिक्रमण करने के बारे में सोच भी न सकें। इस अवसर पर संदीप मगोत्रा, राजीव, किशोर, पुरुषोत्तम, कृष्ण बंसल आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।