-अमरनाथ यात्रा को सुचारु रूप से चलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। श्री अमरनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को जाम से परेशान न होना पड़े, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए विभाग की ओर से जखैनी से लेकर मांड तक लगभग 100 ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा।
गौरतलब है कि तीन जुलाई से शुरू होने वाली श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान बाहरी राज्याें से भोले बाबा के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को हाईवे पर किसी भी प्रकार के जाम से दोचार न होना पड़े और यातायात सुचारु रूप से चले इसके लिए ट्रैफिक पुलिस की ओर से तैयारियां जोरों पर चल रही है। ट्रैफिक पुलिस विभाग की ओर से जखैनी से लेकर मांड तक ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों एवं अधिकारियों को तैनात किया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई हाईवे पर परेशानी न आए।
इतना ही नहीं ट्रैफिक पुलिस की ओर से हाईवे बंद होने की स्थिति में श्रद्धालुओं के वाहनों को सुरक्षित खड़ा करने के लिए भी जखैनी से लेकर मांड तक प्वाइंट बनाए जाएंगे। ताकि हाइवे पर जाम की स्थिति न बने और यातायात सुचारू रूप से चलती रहे। वहीं, हाईवे बंद होने की स्थिति में बट्टलबालिया, मांड, रैंबल में श्रद्धालुओं के वाहनों को खड़ा करने के लिए प्वाइंट बनाए जाएंगे।
मांड से लेकर जखैनी तक लगने वाले लंगरों के पास भी श्रद्धालुओं के वाहनों के खड़ा करने के लिए प्रबंध किए जा रहे है। ताकि श्रद्धालुओं को खाने पीने की भी कोई परेशानी न आए। गौरतलब है कि हर साल अमरनाथ यात्रा के दौरान ट्रैफिक पुलिस विभाग की ओर से यात्रा को सुचारू रूप से चलाने के लिए प्रबंध किए जाते है।
कोट.. लगभग 100 ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया जा रहा है। जखैनी से लेकर मांड तक श्रद्धालुओं के वाहनों को रोकने के लिए प्वाइंट भी बनाए जाएंगे ताकि हाईवे बंद होने की स्थिति में श्रद्धालुओं के वाहनों को अलग से खड़ा किया जा सके।
-जतिंद्र सिंह, डीएसपी ट्रैफिक पुलिस उधमपुर, रियासी रेंज