बस हादसे पर शिवसेना के सदस्य प्रदर्शन करते हुए। संवाद
- फोटो : KATRA
कटड़ा। मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले यात्रियों की सुरक्षा की मांग को लेकर शिवसेना बाल ठाकरे के राज्य प्रधान के साथ ही अन्य सदस्यों ने फव्वारा चौक पर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि चेक पोस्टों पर सभी वाहनों की जांच की जाए।
इस मौके पर मौजूद शिवसेना बाल ठाकरे के राज्य प्रधान मनीष साहनी ने कहा कि सभी वाहनों में सुरक्षा यंत्र लगाए जाएं और सीसीटीवी भी लगाई जाए। साथ ही कटड़ा में प्रवेश करने वाले सभी मार्गों, सभी पुलिस चौकियों पर हर एक आने-जाने वाले राहगीर के साथ ही वाहन की तलाशी पूरी गंभीरता से की जाए। संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी जाए। इससे वैष्णो देवी के दर्शनों को आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। गौरतलब है कि बीते दिनों कटड़ा-जम्मू मार्ग पर कडमाल क्षेत्र में बस धमाके के उपरांत बस में आग लग गई थी, इससे 4 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई थी। 25 के करीब श्रद्धालु घायल हो गए थे। प्रदर्शन के दौरान शिवसेना बाल ठाकरे के कटड़ा प्रधान बिकल अबरोल, युवा प्रधान सौरव शर्मा के अलावा अन्य सदस्य मौजूद रहे।