कई माह से राशन डिपो पर चीनी नहीं मिलने के कारण वार्ड नंबर एक के लोगों ने सीएपीडी विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने खाद्य आपूर्ति विभाग तथा जिला प्रशासन के विरोध में जोरदार नारेबाजी की।
इसकी जानकारी मिलने पर तहसीलदार सपना कोतवाल मौके पर पहुंचीं तथा उन्होंने उसी समय डीलर को मौके पर बुलाया तथा उसे लोगों को चीनी देने के लिए कहा। तहसीलदार ने हिदायत दी कि उपभोक्ताओं को तुरंत चीनी बांटे और राशन कार्ड के फार्म से संबंधित काम में जुट जाएं।
इस आश्वासन के बाद लोग शांत हुए तथा राशन कार्ड होल्डर को चीनी मिली। इस अवसर पर राशन कार्ड होल्डर अजय कुमार, अरुण, ओम प्रकाश, काकू राम, बोध राज, शाम कुमार आदि ने बताया कि इस माह उन्हें कोई राशन नहीं मिला है, जिस कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उनका कहना था कि दो दिन पहले जब चीनी आई तो उन्होंने राहत की सांस ली। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि चीनी आने के बावजूद लोगों को चीनी नहीं दी जा रही थी। इसके चलते लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
उनका कहना था कि एक तो दिसंबर माह के आखिर में चीनी भेजी और वह भी अब देने में आनाकानी की जा रही है। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द राशन डिपो पर बाकी राशन भी उपलब्ध करवाया जाए।