उधमपुर/जिब। जिले में दोपहर बाद हुई बारिश और तेज हवाएं चलने से जहां मौसम सुहावना हो गया है वहीं लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। इसके अलावा तापमान में काफी कमी आई है।
वीरवार को दिन की शुरूआत साफ मौसम के साथ हुई और दोपहर तक सूर्य देव अपनी तपिश से लोगों को परेशान करते रहे। दोपहर बाद तीन बजे मौसम का मिजाज बिगड़ने लगा और हल्के बादल छाए गए। शाम को 4 बज के बाद बारिश भी शुरू हो गई, करीब 15 मिनट तक लगातार जारी रही। इस दौरान तेज हवाएं चलने से तापमान में काफी गिरावट आई है। बारिश होने से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं, किसानों की परेशानी बढ़ गई है।
जिब क्षेत्र के किसानों का कहना था कि मौजूदा समय में गेहूं की फसल की कटाई का काम जारी है। अधिकतर फसल खेतों में पड़ी है। ऐसे में बारिश होने से नुकसान हुआ है। यह बारिश सब्जियों के लिए तो अच्छी है, लेकिन गेहूं की फसल के लिए सही नहीं है। इसलिए प्रशासन से अपील है कि नुकसान का जायजा लेकर उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए।