संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जिला अदालत परिसर में वकीलों के बैठने के लिए चैंबरों की व्यवस्था न होने के चलते कोर्ट परिसर में बनाए गए टीन के शेडों के नीचे वकीलों को बैठना पड़ रहा है। गर्मी या हो या फिर बारिश का मौसम उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश में सारा पानी शेड के अंदर आने से उनका कामकाज प्रभावित होता है।
गौरतलब है कि मौजूदा समय में बरसात का मौसम शुरू हो गया है। आए दिन बारिश हो रही है। जिला मुख्यालय स्थित कोर्ट परिसर में टीन के शेड के नीचे बैठ कर काम करने वाले वकीलों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं वकीलों के पास अपने निजी कामकाज के सिलसिले में आए लोग भी परेशान होते हैं। वकील चैंबर बनाने को लेकर सरकार से गुहार लगा चुके हैं लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई।
जिला कोर्ट मेें लगभग 240 वकील है और उतने ही चैंबरों की जरूरत है। एडवोकेट जेडी सलाथिया, रोहित पंडित, अखिल खजूरिया, अभिलाश मगोत्रा, सुनील खजूरिया, शमीम अहमद, संजीत बवोरिया सहित अन्य का कहना था कि टीन के शेड के नीचे बैठना मुश्किल हो जाता है। बारिश के समय सारा पानी अंदर आने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सरकार से परिसर में जल्द से जल्द सभी वकीलों के लिए चैंबर बनाने की मांग की है ताकि उन्हें इस परेशानी से निजात मिल सके।
कोट...
अदालत परिसर में चैंबर बनाने की मांग को लेकर जल्द ही डीसी से मिलेंगे। जब तक चैंबर नहीं बनते हैं तब तक वकीलों को आ रही परेशानी से निजात नहीं मिलेगी।
- एडवोकेट सुरेंद्र खजूरिया, प्रधान, बार एसोसिएशन