केंद्रीय विद्यालय और सरकारी महिला कॉलेज को बनाया गया है परीक्षा केंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जिले में 21 जून को होने वाली री-नीट (यूजी) परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए जिला प्रशासन ने कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुसार, परीक्षा के दिन जिले के सभी कोचिंग सेंटर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले शैक्षणिक संस्थान पूरी तरह बंद रहेंगे।
इसके साथ ही परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए मीडिया प्रतिनिधियों के भी परीक्षा केंद्रों में प्रवेश पर रोक रहेगी। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी द्वारा इस परीक्षा का आयोजन दोपहर 2 बजे से शाम 5:20 बजे तक किया जाएगा। जिले में केंद्रीय विद्यालय और सरकारी महिला कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले कोचिंग सेंटरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य शिक्षा अधिकारी, एसडीएम और तहसीलदारों को इन आदेशों को जमीन पर सख्ती से लागू करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने भी एडवाइजरी जारी कर सभी से सहयोग की अपील की है ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।