संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। डीसी सलोनी राय के निर्देश पर परिवहन विभाग ने उधमपुर से रामनगर, बसंतगढ़ व अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में चलने वाली बसों की समय सारिणी मंगलवार को जारी की। काफी समय से विभाग को शिकायत मिल रही थी कि इस रूट पर बसें अपने तय समय के अनुसार नहीं चल रही हैं। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
हालांकि विभाग ने कुछ दिन पहले समय अनुसार न चलने वाली बसों पर कार्रवाई भी की थी। अब विभाग ने बसों का समय तय कर दिया है और चालकों को उसी समय अनुसार चलने को कहा गया है। अगर कोई बस चालक आदेश की अवहेलना करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लोगों की शिकायत थी कि बस चालक अड्डे से निकलकर सड़क किनारे जाकर 20 से 30 मिनट तक खड़े रहते हैं। इस पर परिवहन विभाग के एआरटीओ रमेश संमोत्रा ने उन बस चालकों पर कार्रवाई भी की थी।
इतने बजे चलेंगी बसें, इतने बजे करेंगी वापसी
उधमपुर से रामनगर एक ही दिन में अप-डाउन करने वाली बस उधमपुर से सुबह 6 बजे चलेगी और रामनगर से वापस शाम 5 बजे निकलेगी। दूसरी बस सुबह 7 बजे चलेगी जो शाम को रामनगर से वापस उधमपुर के लिए दोपहर 3:30 बजे निकलेगी। वहीं बसंतगढ़ जाने वाली बस उधमपुर से सुबह 6:30 बजे चलेगी और वापसी के लिए शाम 5:30 बजे रवाना होगी। जबकि उधमपुर से डुडु की ओर जाने वाली बस उधमपुर से सुबह 7:50 बजे निकलेगी और दूसरे दिन सुबह डुडु से 11:10 पर वापस उधमपुर के लिए आएगी।
कोट...
यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। डीसी के निर्देश पर विभाग की ओर से उधमपुर से रामनगर व बसंतगढ़ व डूडू की ओर चलने वाली बसों का समय तय कर दिया गया है। अगर किसी बस चालक ने तय समय का पालन नहीं किया तो उसके खिलाफ विभाग की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-रमेश संमोत्रा, एआरटीओ उधमपुर