डीसी किश्तवाड़ ने परियोजना प्रभावित परिवारों के लिए कौशल विकास कार्यक्रम शुरू किया
-जिला उपायुक्त किश्तवाड़ ने परियोजना प्रभावित परिवारों के लिए किया कौशल विकास कार्यक्रम का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
किश्तवाड़। उपायुक्त राजेश कुमार शवन ने मंगलवार को रैटले, पकल- दुल , कीरू , क्वाड़ और अन्य हाइड्रो इलेक्ट्रिक पावर परियोजनाओं सहित प्रमुख जलविद्युत परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों के लिए व्यापक कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
उपायुक्त ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में इसका शुभारंभ किया। यहां प्रशिक्षुओं के पहले बैच ने जिले की कौशल विकास प्रशिक्षण पहल के तहत प्लंबिंग प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू किया। परियोजना प्रभावित परिवारों के 20 से अधिक युवाओं ने एक साल तक चलने वाले निशुल्क प्रशिक्षण में नामांकन कराया है। उपायुक्त ने स्थायी आजीविका को सक्षम करने के लिए प्रशासन की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। कहा कि यह सरकार और परियोजना अधिकारियों दोनों की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य प्रभावित परिवारों के युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए आवश्यक कौशल प्रदान करना है। स्थानीय युवाओं की रुचि के आधार पर जल्द ही और अधिक ट्रेड कोर्स शुरू किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के एक हिस्से के रूप में, प्रशासन परियोजना प्रभावित समुदायों के संबंधित गांवों में कटिंग और टेलरिंग के पाठ्यक्रम भी शुरू करेगा।
इस पहल में प्रशिक्षण अवधि के दौरान मुफ्त भोजन, आवास, वजीफा और फील्ड एक्सपोजर विजिट सहित व्यापक सहायता प्रणाली प्रदान की जाएगी। इसके अलावा प्रशिक्षण के सफल समापन के बाद संबंधित ट्रेड के टूलकिट भी प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर प्रिंसिपल आईटीआई अनूप शर्मा, पावर प्रोजेक्ट्स के प्रतिनिधि और अन्य कर्मचारी मौजूद थे।