जम्मू/किश्तवाड़। कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने जिले में आने वाले सभी वाहनों पर रोक लगा दी है। यह प्रतिबंध अगले आदेश तक जारी रहेगा। इसके अनुसार किश्तवाड़-पाडर रोड पर झेलना पुलिस नाके के आगे आने पर पाबंदी लगा दी। इसमें सभी पब्लिक ट्रांसपोर्ट बस, मेटाडोर, टेंपो, इनोवा और टवेरा आदि शामिल हैं।
इसी प्रकार किश्तवाड़-सिंथन रोड पर संग्रामभाटा किश्तवाड़ के पुरानी जेपी वर्कशॉप पेट्रोल पंप के आगे आना निषेध कर दिया है। जम्मू की ओर से आने वाले वाहनों को अपर मालीपथ के आगे आने पर मनाही रहेगी। वहीं, किश्तवाड़ कस्बे, किश्तवाड़ झेलेना मार्ग, किश्तवाड़-गिरीनगर, किश्तवाड़-पुछल और आसपास के क्षेत्रों में चलने वाले वाहनाें पर पाबंदी रहेगी। इस संबंध में एसएचओ, एआरटीओ और तहसीलदार को नजर रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं, आदेश की अवहेलना करने पर सख्त कार्रवाई के लिए कहा है। यह प्रतिबंध अगले आदेश तक जारी रहेगा।