ईद-उल-अजहा की तैयारी के लिए एडीसी ने की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
भद्रवाह। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सुनील कुमार भूतयाल के कार्यालय कक्ष में शनिवार को हुई बैठक में ईद-उल-अजदा के प्रबंधों का जायजा लिया गया। बैठक में सुरक्षा, निर्बाध बिजली, पानी की आपूर्ति, मांस, चिकन, सब्जियां, फल, दूध आदि आवश्यक वस्तुओं की अनुमोदित दरों पर उपलब्धता समेत शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए कहा गया।
तहसीलदार, पशुधन विकास अधिकारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, कार्यकारी अधिकारी, एमसी, टीएसओ को बाजार की जांच करने और बाजार में अनुमोदित दरों पर अच्छी गुणवत्ता वाली सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बिजली निगम के अधिकारियों से ईद-उल-अजहा के दौरान निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया गया।
बैठक में अंजुमन इस्लामिया, व्यापार मंडल आदि संगठनों के प्रतिनिधि, तहसील भाल्ला के एसडीपीओ, ईओ, एमसीबी के बीएमओ, एईई, जलशक्ति, टीएसओ भद्रवाह व भाल्ला, नायब तहसीलदार, अग्निशमन और आपातकालीन विभाग आदि विभागों के अधिकारी शामिल हुए।