रामनगर। रामनगर से घोरडी जा रही मेटाडोर की खिड़की पर लटक कर सफर करना एक युवक को महंगा पड़ गया। रामनगर बस स्टैंड के नजदीक सड़क पर लगे लोहे के खंभे से टकराने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज करने के साथ मेटाडोर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक रामनगर के बस स्टैंड से घोरडी की तरफ रवाना हुई मेटाडोर अभी बस स्टैंड से मात्र 100 फीट की दूरी पर ही पहुंची थी कि मेटाडोर की खिड़की पर लटक कर सफर कर रहा युवक सड़क किनारे लगे लोहे के खंभे से जा टकराया। इससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। उसके साथियों ने उसे उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से बाद में जिला अस्पताल उधमपुर रेफर कर दिया गया। घायल युवक की पहचान सदीक अली पुत्र नूरदीन निवासी पंचायत कनाह मोड़ा मसल के रूप में हुई है।