उधमपुर: धार रोड के बीचो बीच खड़े आवारा पशु दे रहे हादसों को न्योता.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। शहर में प्रतिदिन लावारिस मवेशियों की संख्या बढ़ती जा रही है। वर्तमान में यह शहरवासियों के लिए सिरदर्द बन चुकी है। हालात यह बन चुके हैं कि शहर के बीच पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग, धार रोड सहित कई सड़कों पर मवेशियों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। कई बार वाहन हादसों का शिकार भी हो रहे हैं।
शहर में ऐसा कोई चौक चौराहा या सड़क नहीं है, जहां लावारिस मवेशी न हों। पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग व धार रोड पर तो सुबह से शाम तक मवेशियों को झुंड में घूमते देखा जा सकता है। इन झुंडों के कारण कभी जाम लगता है तो कभी वाहन दुर्घटना का शिकार होते हैं। लावारिस मवेशियों को पकड़कर रखने के लिए नगर परिषद ने कैटल पांड तो बनाया है, लेकिन कभी इन मवेशियों को पकड़ा नहीं गया।
प्रणव कुमार, शाम किशोर, आदि शहरवासियों का कहना है कि लावारिस मवेशियों के कारण बच्चों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो चुका है। बच्चे सबसे ज्यादा परेशान लावारिस घोड़ों से हैं। इनके मालिक इनको ऐसे ही छोड़ देते हैं। कई बार ये घोड़े बच्चों पर हमला कर चुके हैं। वहीं, धार रोड और पुराने राजमार्ग पर भी मवेशियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इनका शहर में घूमना इनके मालिकों की लापरवाही है। कई बार नप से इस पर कार्रवाई करने की मांग की है, लेकिन अभी तक समस्या को लेकर ठोस कदम नहीं उठाया है।
-----
मवेशियों को टैग लगाने की योजना तैयार की जा रही है। इसको लेकर जिला वेटरनरी अफसर से चर्चा की गई है। इससे मवेशियों की संख्या और मालिक की पूरी जानकारी नगर परिषद के पास होगी। इस महीने कैटल पांड की हालत सुधारने का काम भी शुरू कर दिया जाएगा। इसका टेंडर जारी कर दिया है। कैटल पांड की हालत सुधरने के बाद इसको ठेके पर दे दिया जाएगा और लावारिस मवेशियों पर कार्रवाई शुरू हो जाएगी।
- डॉ. जोगेश्वर गुप्ता, नगर परिषद अध्यक्ष, उधमपुर