रामबन। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनिहाल के शेरबीबी इलाके में बिसलेरी नाले में एक के गिरने से एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार बनिहाल के शेरबीबी इलाके में कार (जेके02बीबी-8588) अनियंत्रित हो कर बिस्लेरी नाले जा गिरी। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों सहित छह घायल हो गए। उन्हें पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उप जिला अस्पताल बनिहाल में पहुंचाया गया है। इमनें से दो की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी अनंतनाग रेफर किया गया है। घायलों की पहचान उमेश शर्मा (40) उनकी पत्नी मीनू (36) और तीन बेटियां विद्यांशी (10), भावना (06), कियान (03 माह) और चालक रमेश शर्मा (50) पुत्र गिरधारी लाल सभी निवासी मुट्ठी (जम्मू) के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल रमेश शर्मा और विद्यांशी को जीएमसी अनंतनाग रेफर किया गया है।
अन्य घायलों का इलाज उप जिला अस्पताल बनिहाल में जारी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि रमेश और उमेश सत्र अदालत श्रीनगर के कर्मचारी हैं, जबकि मीनू सरकारी शिक्षक हैं। वह जम्मू में महाशिवरात्रि मनाने के बाद श्रीनगर लौट रहे थे। इस संबंध में पुलिस स्टेशन बनिहाल में मामला दर्ज किया गया है।