रामबन। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की जिला इकाई की महत्वपूर्ण बैठक जिला कार्यालय विद्यार्थी भवन करोल में हुई। इस दौरान मार्च में प्रदेश स्तरीय सांस्कृतिक समागम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र की पारंपरिक कलाओं को पुनर्जीवित करना है।
जिला संयोजक सचिन ठाकुर ने बताया कि समागम में प्रत्येक गांव से उन प्रतिभावान लोगों को आमंत्रित किया जाएगा जो बांसुरी, ढोल, बैंड वादन, थाली नृत्य, कुड नृत्य और साफा बांधने जैसी पारंपरिक कलाओं में माहिर हैं। कार्यक्रम में लगभग 110 कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा। ठाकुर ने कहा, हमारी सांस्कृतिक पहचान समाज से धीरे-धीरे विलुप्त हो रही है। समागम का मुख्य लक्ष्य अपनी जड़ों को बचाना और आने वाली पीढ़ी को इससे रूबरू कराना है।
बैठक में विशेष रूप से उधमपुर विभाग के संगठन मंत्री अनूप ठाकुर और जिला विस्तारक जोबिश कुमार उपस्थित रहे। जिले की पांच इकाइयों से आए 24 कार्यकर्ताओं ने रूपरेखा तैयार की। संवाद