उधमपुर। कोरोना वैक्सीन लगवाने लोगों की संख्या में बुधवार को भी बढ़ोतरी हुई है। शाम तक जिले में करीब तीन हजार लोगों ने वैक्सीन लगवाई है। सुबह से दोपहर तक लोग वैक्सीन लगवाने के लिए वैक्सीन सेंटरों में पहुंचते रहे। शाम तक स्वास्थ्य विभाग के पास पांच हजार से अधिक डोज मौजूद थी।
जिले में करीब चार दिन से वैक्सीन लगवाने लोगों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। लगातार तीन दिन तक हर रोज तीन हजार से अधिक लोगों ने वैक्सीन लगवाई है। स्वास्थ्य विभाग को भी लगातार नया स्टाक मिल रहा है। इसलिए वैक्सीन की कमी नहीं हो रही है।
बुधवार को कुल 2940 लोगों ने कोरोना वैक्सीन लगाई गई है। एक फ्रंट लाइन वर्कर्स को दूसरी, 18 से 44 आयु वर्ग में 1105 लोगों को पहली और 1005 लोगों को दूसरी, 45 से 60 आयु वर्ग में 65 लोगों को पहली और 598 लोगों को दूसरी, 12 वरिष्ठ नागरिकों को पहली और 156 को दूसरी डोज लगाई गई है। वैक्सीन लगवाने के लिए व्यापारियों के लिए विशेष शिविर का आयोजन शहर के अंदर लगाया गया था, जिसमें सुबह से दोपहर तक दुकानदार व कर्मचारी वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंचत रहे। वैक्सीन सेंटरों में अब ज्यादातर दूसरी डोज लगवाने लोगों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है।