उधमपुर। दूसरे राज्य से लौटने पर बुधवार को एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया है। व्यक्ति को घर में ही आइसोलेट किया गया है। कोरोना के मामलों में कमी आने पर स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन को बुधवार को भी राहत मिली है।
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कोरोना के मामलों को कम करने के लिए लगातार टेस्टिंग की जा रही है। इसके साथ बाहरी राज्यों से लाटने पर भी लोगों के कोरोना टेस्ट किए जा रहे हैं। करीब दो सप्ताह से जिले में बहुत कम मामले सामने आ रहे हैं। मंगलवार को जिले में केवल एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया था। बुधवार को भी केवल एक ही व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। संक्रमित को घर में ही आइसोलेट किया गया है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 4326 हो गए हैं। 4261 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। 57 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में अब आठ सक्रिय मामले बचे हैं। इनमें से सात को घर में ही आइसोलेट करके रखा गया है। 53 लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है।