उधमपुर। सड़क सुरक्षा सप्ताह के पांचवें दिन बुधवार को मोटर व्हीकल डिपार्टमेंट के तत्वाधान में मेटाडोर स्टैंड के पास स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। इसमें वाहन चालकों और सह चालकों के स्वास्थ्य की जांच की गई।
एआरटीओ उधमपुर रमेश समोत्रा सुबह करीब साढ़े 11 बजे स्वास्थ्य जांच शिविर का उद्घाटन किया। इसके बाद दोपहर तक शिविर में तकरीबन 100 वाहन चालक और सह चालकों के स्वास्थ्य की जांच की गई। समोत्रा ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से बचने का उपाय जागरूकता ही है। जागरूकता न होने के कारण वाहन चालक यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं और फिर दुर्घटनाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान को वाहन चालकों के साथ आम जनता के बीच भी चलाने का प्रयास किया जाएगा। जिससे हर कोई यातायात नियमों का पालन करते हुए अपने वाहन चलाए। वहीं, शिविर में चालकों के खून के अलावा आंखों की भी जांच की गई। आंखों में किसी तरह की समस्या पाए जाने पर उन्हें निशुल्क दवाई भी दी गई।