उधमपुर। दीपावली के पर्व की तैयारियों को लेकर वीरवार को डीसी कार्यालय के कांफ्रेंस हाल में एसीआर एनएस जम्वाल की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें विभिन्न विभाग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में एसीआर एनएस जम्वाल ने बताया कि इस वर्ष भी दीपावली पर पटाखों के स्टाल शहर के सुभाष स्टेडियम में लगाए जाएंगे। सुभाष स्टेडियम के अलावा अन्य स्थानों पर पटाखों की बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध होगा। जो भी बाहर पटाखे बेचते हुए पाया जाएगा। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। सुभाष स्टेडियम में बिजली विभाग को बिजली व पीएचई विभाग को पीने के पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
नगर परिषद को शहर की सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्देश दिए। पुलिस के अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कहा गया, जबकि दमकल विभाग को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार रहने को कहा गया।
यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए। एसीआर ने कहा कि बाजार में बिकने वाली मिठाई, फल व अन्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच के लिए सीएपीडी, स्वास्थ्य व नगर परिषद मिलकर एक टीम तैयार करें, जो बाजार में बेची जा रही मिठाई व अन्य सामग्री की गुणवत्ता पर नजर रखे। उन्होंने कहा कि दुकानदार भी बेचे जा रहे सामान की रेट लिस्ट दुकानों के बाहर लगाकर रखें। इस मौके पर एएसपी खलील पोसवाल, सिविल डिफेंस के डिप्टी कंट्रोलर बोधराज व अन्य कई सरकारी विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
पटाखों की दस पेटियों के साथ एक काबू
उधमपुर (ब्यूरो)। प्रशासन की अनुमति के बिना शहर में पहुंचाई गई पटाखों की खेप को पुलिस ने एक निजी वाहन से बरामद किया है। एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार देर रात को पुलिस ने बस अड्डा पर छापा मारा और निजी वाहन (जेके14बी-6286) के अंदर दस पेटियों में रखे गए करीब 50 हजार रुपये के पटाखे बरामद किए। पुलिस ने वाहन के मालिक यशपाल निवासी सैला तालाब से इसके लिए प्रशासन की तरफ दी जाने वाली अनुमति की कापी मांगी, जोकि उसके पास नहीं थी। पुलिस ने उसी समय वाहन के साथ पटाखों की खेप को अपने कब्जे में ले लिया और यशपाल को गिरफ्तार कर लिया।