उधमपुर। पाकिस्तान सेना की तरफ से की जा रही लगातार गोलाबारी के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने सैला तालाब इलाके में पाकिस्तान का झंडा जलाकर नारेबाजी की। इस दौरान युवाओं ने कहा कि केंद्र सरकार पाक के साथ वार्ता बंद करे।
भाजयुमो के जिला उप प्रधान अंकित शर्मा के नेतृत्व में भाजयुमो के सदस्य सैला तालाब इलाके में पहुंचे। यहां उन्होंने पाकिस्तान का झंडा जलाया। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की। सदस्यों ने कहा कि पाकिस्तानी सेना अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अंधाधुंध गोलाबारी कर सेना के साथ सीमांत लोगों को नुकसान पहुंचा रही है। हालात यह बन चुके हैं कि वहां से ग्रामीण पलायन करने लगे हैं। वहीं जानकारी होने के बावजूद केंद्र सरकार की तरफ से गोलाबरी का जवाब देने के लिए सेना को सख्त निर्देश नहीं दिए जा रहे हैं। पाकिस्तानी सेना भारतीय पोस्टों को नुकसान पहुंचा रही है। इतना सब होने के बावजूद केंद्र सरकार पाकिस्तान के साथ बातचीत करके समस्या को हल करने की बात कर रही है।
भाजयुमो ने मांग की है कि केंद्र सरकार पहले पाकिस्तान सरकार के साथ चल रही बातचीत तुरत बंद करे। फिर भारतीय सैनिकों व सीमा सुरक्षा बल को गोलाबारी का जवाब देने के सख्त आदेश जारी करे। साथ ही प्रभावित परिवारों को जल्द राहत पहुंचाए। अगर केंद्र सरकार ने ऐसा नहीं किया, तो भाजयुमो सड़क पर उतर कर आंदोलन तेज करने के लिए मजबूर होगी। इस दौरान विशेष तौर पर मौजूद भाजयुमो के जिला प्रधान रणनीक शर्मा, अंकित शर्मा, जिला महासचिव माइकल सजगोत्रा, मोहित खजूरिया, विक्रम सिंह, कर्ण सिंह, संजय कुमार, इंद्रजीत सिंह ने भी संबोधित किया।