उधमपुर। एशिया का सबसे बड़ा टनल-वे रियासत जम्मू-कश्मीर के जिला उधमपुर की तहसील चिनैनी में तैयार हो रहा है। इस टनल के बनने से जहां दो जिलों की दूरियां और कम होंगी, वहीं करीब 40 किलोमीटर का सफर भी मात्र नौ किलोमीटर में तब्दील हो जाएगा। लगभग दो हजार छह सौ करोड़ की लागत से चिनैनी-नाशरी टनल-वे का निर्माण कार्य जोरों पर है, जिसमें सुरक्षात्मक इंतजाम, फायर सर्विसेज, फर्स्ट एड, टेलीफोन जैसी कई अन्य जरूरी आपातकालीन सुविधाएं इस टनल में मुहैया होंगी। हर तीन सौ मीटर पर टनल के अंदर ही क्रासिंग की सुविधा होगी, जिससे किसी भी आपातकालीन स्थिति में इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा। आठ अगस्त-2011 को टनल निर्माण के लिए पहला ब्लास्ट किया गया था,जिसके बाद से टनल-वे का निर्माण कार्य जारी है।
चिनैनी व नाशरी दोनों जगहों से टनल-वे का काम जोरों से जारी है और अब तक करीब बारह किलोमीटर टनल दोनों ओर से निकाला जा चुका है। दोनों तरफ से करीब सात किलोमीटर छोटे टनल व पांच किलोमीटर बड़े टनल की खुदाई हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक, टनल का काम जून-2015 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है। गौरतलब है कि वर्तमान में चिनैनी (उधमपुर) से नाशरी (रामबन) की दूरी करीब 41 किलोमीटर है तथा नौ किलोमीटर टनल बन जाने से यात्रियों के लिए 32 किलोमीटर का सफर एक तरफ से कम होगा। जिससे पेट्रोल व डीजल की खपत जहां कम होगी वहीं, डेढ़ घंटे का सफर भी करीब दस मिनट में पूरा होगा। जाहिर है कि जम्मू से श्रीनगर के सफर में भी यात्रियों को काफी सुविधा व कम समय में अधिक दूरी तय करने का अद्भुत लाभ मिलेगा।