उधमपुर। परीक्षा केंद्र उधमपुर में स्थापित करने की मांग पर पैरामेडिकल अभ्यर्थियों व पैंथर्स नेताओं ने सोमवार को राजमार्ग बंद करने की चेतावनी दी थी। नेताओं व अभ्यर्थियों के आंदोलन को विफल करने के लिए पुलिस ने सोमवार को शहर को छावनी में तब्दील करके रखा था। राष्ट्रीय राजमार्ग व डीसी कार्यालय तो पूरी तरह से पुलिस कब्जे में थे। साथ ही शहर से करीब 20 किलोमीटर दायरे में स्थित पुलिस स्टेशन व पुलिस चौकी के अधिकारियों व जवानों को भी शहर में तैनात कर दिया गया था।
गौरतलब है कि शनिवार को पैरामेडिकल अभ्यर्थियों व पैंथर्स पार्टी के नेताओं ने चार घंटे से भी ज्यादा समय तक धार रोड को बंद करके प्रदर्शन किया था। इसके कारण शहरवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। प्रदर्शनकारियों ने सोमवार को राजमार्ग बंद करके आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी थी। राजमार्ग बंद होने पर फिर से शहरवासियों को परेशानियों का सामना न करना पड़े इसी को ध्यान में रखते हुए सोमवार सुबह से ही पुलिस ने शहर को छावनी में तब्दील कर दिया था। पुलिस स्टेशन रैंबल, पुलिस चौकी रौन दोमेल, टिकरी व कई पुलिस स्टेशन के एसएचओ व जवानों को शहर के विभिन्न हिस्सों में तैनात कर दिया था। एमएच चौक, सुभाष चौक, डीसी कार्यालय पूरी तरह पुलिस के ही कब्जे में थे। इसी प्रयास के चलते प्रदर्शनकारी राजमार्ग को बंद करने से पहले ही पुलिस हिरासत में ले लिए गए।