उधमपुर। सुहागिनों के लिए मांगलिक करवाचौथ व्रत उपवास का पावन दिवस आ गया। मंगलवार का पूरा दिन सूर्योदय काल से लेकर संध्या काल चंद्रोदय तक यह पावन व्रत जारी रहेगा। इस कठोर व्रत के निमित्त उपवास करने वाली सुहागिन महिलाओं द्वारा अपने सुहाग की लंबी आयु व सौभाग्य वृद्धि की कामना के लिए पूरी तैयारी कर ली गई। करवाचौथ की पूर्व संध्या पर सोमवार को दिन भर बाजार गुलजार रहे। बाजार में खरीदारों की खूब भीड़ रही वहीं, दुकानदारों की व्यस्तता भी खूब नजर आई। इस मौके पर किशोरियों व युवतियों में भी मेंहदी लगाने का उत्साह नजर आया। राजस्थान से मेंहदी लगाने वाले सीताराम अपने परिवार के साथ यहां चार सालों से लगातार आ रहे हैं। राजस्थान के सिवाय माधोपुर जिले के गांव के रहने वाले सीताराम का कहना है कि इतनी महंगाई में भी पिछले साल की तरह ही इस बार भी मेंहदी लगाने का रेट ले रहे हैं। उनके मुताबिक साठ के करीब पुरुष महिला व बच्चे इस बार राजस्थान से मेंहदी लगाने के लिए आए हैं। फूलवाले भी शाम तक करवाचौथ के उपलक्ष्य में फूलों के हार बेचते नजर आए। चूड़ी की दुकान चलाने वाले सरदार गुरदेव सिंह ने बताया कि पहले जैसे ही इस बार भी इस व्रत के लिए महिलाओं में काफी उत्साह है।