मेंढर। तहसील के बालाकोट सेक्टर और मेंढर सेक्टर में पाकिस्तानी सेना द्वारा शाम (4:30) साढ़े चार बजे से फिर से फायरिंग शुरू की गई, जो समाचार लिखे जाने तक रुक-रुक कर जारी थी। वहीं, पुंछ के शाहपुर किरनी सेक्टर में भी रात के 9:30 बजे से पाकिस्तान की ओर भारी गोलाबारी शुरू कर दी गई।
पाकिस्तान की सेना 641 मुजाहिद बटालियन ने भारतीय सेना की तीन गढ़वाल राइफल और 2/4 गोरखा रेजीमेंट की अग्रिम चौकियों को निशाना बनाया। भारतीय सेना ने भी जोरदार ढंग से पाक सेना के इस हमले का जवाब दिया है। गोलाबारी देर रात तक जारी थी। शुक्रवार करीब साढे़ चार बजे बालाकोट और मेंढर सेक्टर के डैरी डब्सी, पतरी इलाकों की अग्रिम चौकियों पर पाकिस्तानी सेना द्वारा फायरिंग कर सीजफायर का उल्लंघन किया गया, जिसका भारतीय सेना ने भी भरपूर उत्तर दिया।
पाकिस्तान की ओर से की गई गोलाबारी की आवाज मेंढर मुख्यालय के बाजार तक आई। फायरिंग में किसी किस्म के नुकसान की कोई खबर नहीं है। वैसे पिछले काफी अर्से से पाकिस्तानी सेना सीमा पर बिना बजह फायरिंग कर आतंकियों को घुसपैठ करवाने का प्रयास करती रहती है, जिसको भारतीय सेना मुस्तैदी से विफल कर देती रही है।