उधमपुर। मौसम का मिजाज दो दिनों से गड़बड़ाया हुआ है। मंगलवार को भी जिले भर में हिस्सों में धूल भरी आंधी चलती रही। इस तूफानी हवा से सड़क या खुली जगह से चलने वालों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। वहीं, चिनैनी में शाम को बूंदाबांदी भी हुई और आंधी का दौर दिन भर जारी रहा। जबकि सोमवार देर रात को हल्की बारिश चिनैनी, पत्नीटाप व नत्थाटाप में होने से जिले में तापमान लुढ़क गया। जबकि देर रात को तूफानी हवा के चलते दुकानों व मकानों के ऊपर से टीन की चादरें उड़ने की सूचना है।
दूसरी ओर एयरफोर्स उधमपुर के मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आगामी चौबीस घंटे के अंदर इसी प्रकार का मौसम बने रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है। दूसरी ओर, पंचैरी के चुबूनाले के पास टेंटों में रहने वाले परिवार ऐसे मौसम से परेशान हैं। वहीं चुबूनाले का वैकल्पिक मार्ग पूरी तरह से दुरुस्त नहीं होने से लोगों की कई और समस्याओं में इजाफा होता जा रहा है।
तूफान से जनजीवन अस्त-व्यस्त
रियासी/किश्तवाड़। सोमवार देर शाम को शुरू हुए तेज आंधी-तूफान का सिलसिला मंगलवार को भी दिन भर चलना जारी रहा। तेज हवाओं के कारण मंगलवार को दिन भर जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। वहीं हुई हल्की बारिश ने भी लोगों को मुश्किल में डाले रखा। वहीं हुई हल्की बारिश ने भी लोगों को मुश्किल में डाले रखा। एकदम से खराब हुए मौसम ने शुरू हुए गर्मी के मौसम में फिर सर्दी कर दी अपने गर्म कपड़ों को संभाल चुके लोगों को इन का फिर से इस्तेमाल करने के लिए विवश होना पड़ा। तेज आंधी तूफान तथा बारिश का असर जिले के अन्य क्षेत्रों में भी देखने को मिला। हालांकि इस से किसी प्रकार का कोई नुकसान होने की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। वहीं हुई हल्की बारिश फसलों के लिए भी लाभदायक मानी जा रही है। मंगलवार को दिन भर सूरज भी बादलों की ओर में छिपा रहा। वहीं किश्तवाड़ में भी तीन दिनों से लगातार मौसम में बदलाव हो रहा है कभी बादल तो कभी धूप होती है। बीच-बीच में बूंदाबांदी भी होती है। लोगों को इस मौसम से परेशानी हो रही है। उन्हें गर्म वस्त्र साथ रखने पड़ते हैं जब धूप होती है निकालने पड़ते हैं, दिन में धूप और 4 बजे के बाद बादल छा जाते हैं और ठंड बड़ जाती है।