कटड़ा। जम्मू रेलवे स्टेशन से कटड़ा की ओर आ रही एक बस यहां से तेरह किलोमीटर दूर मूरी के पास अनियंत्रित हो कर पहाड़ी से टकरा कर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में पंद्रह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल राजस्थान के रहने वाले हैं तथा माता वैष्णो देवी के दर्शन हेतू आधार शिविर कटड़ा आ रहे थे।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात ग्यारह बजे जम्मू से कटड़ा आ रही बस नंबर जेके 02 ऐ क्यू-2697 मूरी के पास अनियंत्रित हो कर पहाड़ी से जा टकराई। तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी गई तथा घायलों को उपचार हेतु कटड़ा चिकित्सा केंद्र पहुंचाया गया। तीन घायलों की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें मेडिकल कालेज जम्मू रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के बाद बस के चालक और परिचालक के मौके पर से फरार होने की बात बताई गई है। कटड़ा चिकित्सा केंद्र में उपचाराधीन घायलों की पहचान शंकर लाल (68) पुत्र धनराज, संजय सिंह (32) पुत्र नारायन, मोहन सिंह (32) पुत्र सुलतान सिंह, मीना (30) पत्नी जगदीश, दिव्यांशु (16) पुत्र सुखराम, अंकित (18) पुत्र पुरषोत्तम, बंशीधर (45) पुत्र हीरा लाल, कल्पना (19) पुत्री बंशीधर, जगदीश सोनी (45) पुत्र बिहारी लाल, अशोक कुमार (41) पुत्र रतीमल, मीना देवी (35) पत्नी चमन सिंह, पुरषोत्तम जैन (42) पुत्र चांद मल बताइ गई है। इसके अलावा मेडिकल कालेज जम्मू रेफर किए गए घायलों के नाम सुमित (18) पुत्र बंशीधर बोहरा, सुशीला (35) पत्नी बंशीधर, भारत (15) पुत्र पारस मल बताए गए हैं। मेडिकल कालेज जम्मू में घायलों का इलाज चल रहा है।