भद्रवाह। वन प्रभाग भद्रवाह (एफडीएफ) व फॉरेस्ट प्रोटेक्शन फोर्स की टीम ने मंगलवार को लांचन चिंचोरा इलाके में लकड़ी तस्करी के बडे़ प्रयास को नाकाम किया है। इस दौरान चिराला रेंज से निकाली गई लाखों रुपये की लकड़ी जब्त की है।
जानकारी के मुताबिक सूचना पर कड़ा संज्ञान लेते हुए नीरू रेंज के रेंज अधिकारी (आरओ) शफाकत खान मलिक के नेतृत्व में टीम ने डीएफओ भद्रवाह चंद्र शेखर की देखरेख में एक अभियान चलाया। इसमें लकड़ी तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल कर 92 स्लीपर जब्त किए।
सनद रहे कि डीएफओ भद्रवाह चंद्र शेखर ने कोविड-19 के दौरान क्षेत्र में बढे़ लकड़ी तस्करी के मामलों की निगरानी के लिए टीमों का गठन किया है। रेंज अधिकारी शफाकत खान मलिक ने कहा कि सूचना पर तुरंत कारवाई करते हुए लकड़ी तस्करी के प्रयास को विफल किया है। मंगलवार को हुई कार्रवाई में अवैध लकड़ी को जब्त कर दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि तस्करों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।