ठिठुरने लगे लोग, दिनचर्या प्रभावित
बाजार में पसरा सन्नाटा, ठंड से राहत को अलाव बना बड़ा सहारा
अमर उजाला ब्यूरो
उधमपुर/पंचैरी। मंगलवार रात से जारी बारिश व भारी बारिश से लोग ठिठुरने लगे हैं। पहाड़ी इलाकों में ग्रामीणों का निकलना भी मुश्किल हो रहा है। इससे दिनचर्या प्रभावित होकर रह गई है। उधर, मैदानी इलाकों में भी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
मंगलवार रात को मैदानी इलाकों में बारिश शुरू हुई तो पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी। इसके बाद बारिश व बर्फबारी का सिलसिला बुधवार रात तक जारी थी। जिले के पंचैरी, मोंगरी, पटनीटाप, नत्थाटाप, सियोजधार, लाटी, बसंतगढ़ व अन्य कई इलाकों में भारी बर्फबारी के बाद जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। वहीं मैदानी इलाकों में बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। दिन भर बारिश के कारण शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों की संख्या बहुत कम रही। दिन भर बारिश के पानी के सड़कें व गलियां भरी रही और शहरवासियों को चलने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शहर के बाजार में सन्नाटा पसरा रहा और दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते रहे। शाम होने पर ठंड का प्रकोप दुगना हो गया और शहर व ग्रामीण इलाकों में लोग अलाव का सहारा लेने को मजबूर नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 10.8 और न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन व रात का तापमान एक समान पहुंचना नजर आ रहा है।