उधमपुर। पैरामेडिकल की परीक्षा के लिए डिग्री कॉलेज उधमपुर में बनाए गए केंद्र में रविवार को दूसरा पेपर हुआ। इसमें 599 युवाओं ने परीक्षा दी। वहीं, दोपहर तीन बजे तक चली परीक्षा में काफी संख्या में युवा गैरहाजिर रहे।
गौरतलब है कि 11 अप्रैल से प्रदेश में पैरामेडिकल की परीक्षा की शुरूआत हो चुकी है। पेपर हर रविवार को आयोजित किया जा रहा है। इस रविवार को दूसरा पेपर था। पेपर देने के लिए युवा सुबह साढ़े दस बजे ही परीक्षा केंद्र में पहुंच गए थे। परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने से पहले युवाओं के पहले सैनिटाइजर इस्तेमाल करने और मास्क पहनने के बाद ही अंदर जाने की अनुमति दी गई। दोपहर के 12 बजते ही परीक्षा को शुरू कर दिया गया और फिर दोपहर तीन बजे तक परीक्षा चलती रही। परीक्षा देने के लिए पंजीकरण युवाओं की संख्या 642 थी, लेकिन परीक्षा देने के लिए केवल 599 ही परीक्षा केंद्र में पहुंचे।
43 युवा अनुपस्थित रहे। परीक्षा की प्रक्रिया का निरीक्षण करने के लिए सीएमओ डॉ. केसी डोगरा, डीटीओ डॉ. कविराज, मेडिकल अफसर डॉ. प्रिया गुप्ता व अन्य कई अधिकारी मौजूद थे। दोपहर तीन बजे सभी अधिकारी परीक्षा केंद्र में मौजूद रह कर परीक्षा का निरीक्षण करते रहे। परीक्षा में युवाओं को भी सामाजिक दूरी का ख्याल रख कर बिठाया गया था। पैरामेडिकल परीक्षा के पेपर तीन मई तक हर रविवार को होंगे।