चिनैनी। चिनैनी ब्लॉक में कोरोना वैक्सीनेशन प्रक्रिया जोरशोर से जारी है। ब्लाक में अब तक 50 प्रतिशत लोग कोविड वैक्सीन की पहली डोज लगवा चुके हैं। जानकारी के मुताबिक चिनैनी ब्लाक में 32362 लोगों को टीका लगना है, जिनमें से 45 वर्ष से ऊपर की आयु वाले 15714 लोग पहली और 2796 दूसरी डोज लगवा चुके हैं। वहीं, 911 हैल्थ वकर्स पहली और 427 ने दूसरी डोज लगवाई है। 1101 फ्रंट लाइन वर्कर्स पहली और 1110 ने दूसरी डोज लगवाई है। अब तक चिनैनी ब्लाक में 22059 लोगों का टीकाकरण हो चुका है। नोडल अधिकारी नवीन कोतवाल ने बताया कि वैक्सीन लगाने का कार्य जारी है। अगले कुछ दिनों के लिए वैक्सीन मौजूद है।
उधर, कोरोना टेस्टिंग का कार्य भी युद्धस्तर पर जारी है। सीएचसी चिनैनी में बुधवार को 40 लोगों के टेस्ट हुए, जिनमें से छह की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, कस्बे के मुख्य बस स्टैंड पर 88 लोगों के टेस्ट हुए, जिनमें से दो लोग संक्रमित मिले हैं। इसी तरह सुद्धमहादेव में 153 कोरोना टेस्ट के बाद दो लोग संक्रमित पाए गए, जिन्हें होम आइसोलेट कर दिया गया है।