उधमपुर। जिले में वीरवार को कोरोना के 35 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से 28 लोग दूसरे राज्यों से उधमपुर आए हैं। वहीं, सात उधमपुर के रहने वाले हैं। वीरवार को कोरोना को मात देने में कोई भी व्यक्ति कामयाब नहीं रहा है।
गौरतलब है कि अप्रैल महीने में लगातार कोरोना के संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। पिछले कुछ दिनों से ज्यादातर बीएसएफ के जवान ही संक्रमित पाए जा रहे हैं। मंगलवार को जिले में कुल 37 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे, जिनमें 31 बीएसएफ के जवान थे। बुधवार को शाम तक कुल 79 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इनमें से 77 बीएसएफ के जवान है। यह सभी महाराष्ट्र और गुजरात से रहने वाले हैं। अब वीरवार को भी 35 नए मामले सामने आएं हैं। इसकी जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है।
जिले में आठ दिन के अंदर कुल 178 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। बुधवार को सात लोग कोरोना को मात देने में भी कामयाब रहे हैं। जबकि वीरवार को कोई भी व्यक्ति कोरोना को मात देने में कामयाब नहीं हुआ है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना के मामलों की संख्या 4543 हो गई है। इनमें से 4288 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। 58 की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में अब 197 सक्रिय मामले बचे हैं।