उधमपुर। सेरिकल्चर कार्यालय परिसर में जारी कोकून नीलामी मंडी में मंगलवार को 13वें दिन 231 कीटपालकों ने मंडी में पंहुचकर कर 10900.350 किलो कोकून बेची। इससे उन्होंने 31,21,417 रुपये प्राप्त किए।
बुधवार को बकरीद की छुट्टी के चलते मंडी बंद रहेगी। सात जुलाई से जारी कोकून मंडी में मंगलवार तक कुल 133895.190 किलोग्राम कोकून बेची गई है। इससे उत्पादकों को 39191812 रुपये की राशि प्राप्त हुई है। इस बार अच्छा दाम मिलने से कोकून उत्पादक काफी खुश हैं। कीटपालकों को औसतन रेट 645 और अधिकतम रेट 1050 तक मिल रहा है। मंगलवार को 13वें दिन भी कोकून का औसतन रेट 645 तथा अधिकतम रेट 995 मिला है। गौरतलब है कि रेशम उत्पादन परिसर में सात जुलाई से कोकून मंडी जारी है। इसमें जिला के विभिन्न क्षेत्रों से आए कीटपालक अपनी फसल की बिक्री कर रहें हैं। मंगलवार तक तीन हजार के करीब कीटपालकों ने मंडी में पंहुचकर अपनी कोकून बेची है।