उधमपुर। जिले में कोरोना संकट पर लगाम लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना वैक्सीनेशन प्रक्रिया जोरशोर से जारी है। वहीं, सोमवार से छोटे स्वास्थ्य केंद्रों में भी टीकाकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सोमवार को शहर के जखैनी इलाके में स्थित स्वास्थ्य केंद्र में 45 से 60 आयु वर्ग के लोगों को वैक्सीन लगाई गई। शाम तक जिले में कुल 2995 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। आने वाले दिनों में इनकी संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। करीब साढ़े तीन माह से जिले में कोरोना वैक्सीन लगाने का काम चल रहा है। इसके लिए मुख्य सेंटर जिला अस्पताल को बनाया गया है, जहां एक साथ चार से अधिक सेंटर में वैक्सीन लगाई जा रही है। इसके अलावा कई प्राइमरी हेल्थ सेंटर भी वैक्सीन लगाई जा रही है। वैक्सीन लगाने के कार्य में तेजी लाने के लिए अब स्वास्थ्य विभाग ने छोटे स्वास्थ्य केंद्रों में भी वैक्सीन लगाने की शुरूआत कर दी गई। शहर के जखैनी इलाके में स्थित स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार से इसकी शुरूआत की गई। इस दौरान वार्ड की पार्षद प्रीति खजूरिया भी मौजूद रहीं। उन्होंने लोगों को आगे आकर वैक्सील लगाने की अपील की।
वहीं जिले में वैक्सीन लगाने के काम में तेजी लाई गई है। शाम तक जिले में कुल 2995 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इनमें से 45 से 60 आयु वर्ग के 1512 लोगों को पहली और 45 को दूसरी डोज दी गई। 696 वरिष्ठ नागरिकों को पहली और 454 को दूसरी डोज दी गई। आठ स्वास्थ्य कर्मचारियों को पहली और 14 को दूसरी डोज दी गई। 127 फ्रंट लाइन वर्कर्स को पहली और 139 को दूसरी डोज दी गई। जिले में अभी तक लोगों को 93676 डोज लगाई जा चुकी है। इनमें से 76782 लोगों को पहली और 16894 लोगों को दूसरी डोज दी गई है। दूसरी डोज लगवाने लोगों की संख्या अभी भी बहुत कम है।