जिला विकास आयुक्त कार्यालय में शनिवार को आयोजित जिला विकास बोर्ड की बैठक में वन मंत्री चौधरी लाल सिंह ने जिला के विकास के लिए 180 करोड़ 74 लाख के प्लान को मंजूरी दे दी। बैठक को संबोधित करते हुए वन मंत्री बतौर विकास बोर्ड बैठक के चेयरमैन चौधरी लाल सिंह ने कहा कि जिले के विकास में कोई भी कोताही नहीं बरती जाएगी।
विकास कार्य को शीघ्र और पारदर्शिता के पूरा करना जरूरी है। विकास के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग को सुंदर बनाने के साथ पौधरोपण करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। विकास में हर वर्ग के लोगों का ध्यान रखा गया है। जरूरत के हिसाब से फंड मुहैया करवाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पिछली बोर्ड बैठक में दिए गए फंड का अच्छे से उपयोग करने पर चौधरी लाल सिंह ने डीसी की सराहना की। बोर्ड की बैठक में तहसील मजालता में गुज्जर बक्करवाल हॉस्टल और पब्लिक लाइब्रेरी के लिए 10 लाख की राशि देने का एलान किया।
उन्होंने क्षेत्र में बिजली पानी, सड़क व स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए एक प्लान तैयार करने को कहा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों को सड़क मार्ग से जोड़ने के लिए पीएमजीएसवाई तहत सड़क निर्माण करवाने के लिए कहा। उन्होंने तहसील मोंगरी में डिग्री कालेज और सरकारी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में परीक्षा केंद्र बनाने को कहा।
सांसद शमशेर सिंह ने कहा कि सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। जिला विकास बोर्ड बैठक में राज्य मंत्री अजय नंदा, किसान वेलफेयर एडवाइजरी बोर्ड के उप प्रधान दलजीत सिंह, गुज्जर बक्करवाल वेलफेयर बोर्ड के राज्य उप प्रधान जाफर अली, उधमपुर विधायक पवन कुमार गुप्ता, चिनैनी विधायक दिनानाथ भगत, रामनगर भगत आरएस पठानियां, डीसी उधमपुर डा. शाहिद इकबाल चौधरी, डीआईजी उधमपुर रियासी रेंज सुरेंद्र गुप्ता व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।