उधमपुर। पुलिस ने टिकरी नाके से अवैध रूप से घाटी ले जा रहे 17 मवेशियों को मुक्त करवा कर तस्करी के प्रयास को विफल किया है। वहीं, वाहन को जब्त कर तस्करी के आरोप में मोहम्मद इरफान निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) और मोहम्मद अशरफ निवासी रियासी को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने टिकरी में लगाए गए नाके पर घाटी की ओर जा रहे ट्रक (जेके 12 ए 7454) को रुकने का संकेत दिया। लेकिन चालक ने नाका तोड़ कर तेज गति से वाहन लेकर भागने का प्रयास किया। जिसका पीछा करते हुए पुलिस दल ने थोड़ी ही दूरी पर उसे पकड़ लिया। बाद में तलाशी लेने पर 15 मवेशी मिले, जिन्हें मुक्त करवा कर तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया। इस संबंध में मामला दर्ज कर कारवाई शुरू कर दी है।