उधमपुर। डुबडुबा बस्ती में 60 वर्ष से रह रहे परिवारों को जम्मू-कश्मीर में पहली बार राशन कार्ड की सुविधा मिली है। रविवार को पार्षद प्रीति खजूरिया ने 100 परिवारों को राशन कार्ड वितरित किए, जिसके लिए लोगों ने आभार जताया है।
पार्षद ने बताया की निकाय चुनाव के दौरान ही राशन कार्ड की समस्या की जानकारी मिली थी। इस दौरान उन्होंने सुविधा दिलाने का वादा किया था, जिसे रविवार को पूरा कर दिया गया है। इन सभी के बीपीएल राशन कार्ड बनाए गए हैं। बस्ती के लोगों के बीपीएल राशन कार्ड बनाना इसलिए भी जरूरी था, क्योंकि इस राशन कार्ड की मदद से उन्हें आगे भी और कई अन्य बीपीएल परिवारों के लिए बनाई गई केंद्र प्रायोजित योजनाएं का भी लाभ मिलेगा। राशन कार्ड मिलने के बाद बस्ती के लोगों का खुशी का कोई ठिकाना नहीं है। उन्होंने कहा कि करीब 60 वर्ष पहले वह अन्य राज्यों से उधमपुर में आए थे। उनके लिए सरकार ने डुबडुबा बस्ती तैयार की थी, लेकिन किसी ने उनको राशन कार्ड की सुविधा प्रदान नहीं की। अब यह सब पार्षद से सहयोग से संभव हो पाया है। इस मौके पर शालु, यूनुस, पवन, सचिन, रमेश कुमार व गणेश आदि मौजूद रहे।