उत्तरी कमान के उधमपुर मिलिट्री स्टेशन में एक गेट का नाम नौशेरा रखा गया है। वर्ष 1948 के नौशेरा मोर्चे पर पाकिस्तान को करारी शिकस्त देते शहीद हुए जांबाजों की याद में इस द्वार का नामकरण किया गया है। गुरुवार को उत्तरी कमान प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल वाईके जोशी ने उधमपुर मिलिट्री स्टेशन के एक द्वार का नाम विधिवत नौशेरा द्वार रखा।
सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि राजोरी के नौशेरा में पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी गई थी। इस जीत से दुश्मन को बड़ा झटका लगा। यह मोर्चा पाकिस्तान को नौशेरा कस्बे में आने से रोकने के लिए निर्णायक साबित हुआ। देश की सरहद और संप्रभुता की रक्षा करते कई जांबाज शहीद हुए, जिनके सम्मान और याद में नौशेरा द्वार का नामकरण किया गया है। इस अवसर पर सेना के वरिष्ठ अफसर, पूर्व सैनिक भी उपस्थित थे। उधमपुर मिलिट्री स्टेशन में ऑपरेशन की लोकेशन के नाम पर हाजीपीर, रेजांग्ला, बसंतर, तोलोलिंग और टाइगर हिल नाम से द्वार बनाए गए हैं।..